Saturday, July 16, 2011

बॉलीवुड में बुंदेलखंड का डंका बजाने की चाहत

झांसी। बुंदेलखंडी फिल्मों में सिक्का जमा चुके देवदत्त बुधौलिया अब टीवी सीरियल के रास्ते बॉलीवुड में बुंदेलखंड का डंका बजाने में जुटे हुए हैं। आने वाले दिनों में हिन्दी फिल्मों में भी वह अभिनय करते दिखेंगे, लेकिन अपनी मिट्टी की सौंधी सुगंध को फैलाने यानी बुंदेलखंडी फिल्म इंडस्ट्री को पहचान दिलाने का प्रयास भी जारी रहेगा।
‘ढड़कोला’ और ‘बुंदेलखंडी डॉन’ फिल्म में अपने सधे अभिनय के बूते अपनी अलग पहचान स्थापित करने वाले देवदत्त इन दिनों कलर्स, एनडीटीवी इमेजिन, स्टार प्लस, सहारा वन आदि चैनलों पर चल रहे कई सीरियल में अलग- अलग किरदारों में अपनी अभिनय क्षमता का परिचय दे रहे हैं। एनडीटीवी इमेजिन पर प्रसारित शाकुंतलम प्रोडक्शन द्वारा निर्मितधारावाहिक ‘देवी’ में ग्रामीण की भूमिका में वह अपने अभिनय का नया आयाम स्थापित कर चुके हैं। वहीं, कलर्स पर प्रसारित सीरियल ‘ये प्यार न होगा कम’ में एक गरीब रिक्शावाले की भूमिका में वह दर्शकों को बांधने में सफल रहे। इसी चैनल पर प्रसारित बहुचर्चित सीरियल ‘लाडो’ में भगनू के किरदार में उनके जीवंत रोल को लंबे समय तक लोग याद रखेंगे। एनडीटीवी इमेजिन पर प्रसारित धारावाहिक ‘काशी’ में नौकर बने देवदत्त अपने किरदार से यूं घुल मिल गए दिखे मानो यह पात्र उन्हीं के लिए रचा गया हो। इसी तरह, स्टार प्लस पर ‘राजा की आएगी बारात’ में भी वह अपने अभिनय का अमिट छाप छोड़ने में सफल रहे हैं। सहारा वन पर प्रसारित धारावाहिक ‘छोटी बहू’ और ‘गणेशलीला’ तथा कलर्स पर ‘ऐसे न करो विदा’ में भी अलग- अलग किरदारों में वह दिख चुके हैं। आने वाले दिनों में वह सोनी पर प्रसारित ‘सीआईडी’ और ‘आहट’ में भी दिखेंगे। इसके लिए आडिशन दे चुके हैं।
बुंदेली फिल्मों में बतौर हीरो काम करने वाले देवदत्त धारावाहिकों में चरित्र भूमिकाएं निभाने के सवाल पर कहते हैं कि उनके आइडियल शाहरुख खान भी सर्कस जैसे सीरियल के माध्यम से फिल्म इंडस्ट्री में पैर जमाने में सफल रहे थे। उनके लिए भी ये टीवी धारावाहिक फिल्म इंडस्ट्री में पैर जमाने का एक जरिया हैं। वह बताते हैं कि इरफान खान की फिल्म में लीड रोल के लिए उनका आडिशन लिया गया था, जिसमें वह सफल रहे हैं। अभी इसका नाम तय नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही यह फिल्म फ्लोर पर होगी। बुंदेली भाषा में बनी फिल्म ‘मकान आपका, हमारे बाप का’ भी जल्द ही रिलीज होगी। इसके अलावा ‘मां वैभव लक्ष्मी’ भी रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में उनके साथ जाने- माने भजन गायक अनूप जलोटा भी हैं, जो उनके गुरु की भूमिका में हैं। वह बताते हैं कि मणिरत्नम की फिल्म ‘रावण’ में भी उन्हें अभिनय का मौका मिला। उन्हें यह स्वीकार करने में झिझक नहीं कि अभी बुंदेलखंडी फिल्म इंडस्ट्री शैशवावस्था में है। इसके लिए इस क्षेत्र के राजनीतिज्ञों और कलाकारों को ठोस पहल करनी होगी। समवेत पहल से भोजपुरी फिल्मों की तरह बुंदेलखंडी फिल्मों का भी अपना मार्केट होगा और यहां के कलाकार भी देश- विदेश में अपनी पहचान कायम करने में सफल रहेंगे। वह बताते हैं कि ढड़कोला को वह सीरियल के तौर पर एक बार फिर से दर्शकों के सामने लाना चाहते हैं। इसके लिए बालाजी फिल्म्स की सर्वेसर्वा एकता कपूर को उन्होंने प्रस्ताव दिया है। सब कुछ ठीक रहा तो तेरह एपीसोड में धारावाहिक के रूप में इसे प्रसारित किया जाएगा।

- कुमार भवानंद

No comments: